मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को मिलेगा 20-20 हजार का ऋण, कोऑपरेटिव बैंक 25 को लगाएगा शिविर
Patamda: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की पटमदा शाखा में 25 नवंबर को नारी शक्ति सम्मान एवं विशेष ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां बैंक प्रबंधन की ओर से जोर-शोर से की जा रही हैं। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बैंक की अध्यक्ष विभा सिंह शामिल होंगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में बैंक के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार बाजपेयी और क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार सिंह उपस्थित रहेंगे।
बैंककर्मी तापस महतो ने बताया कि महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई है। शिविर के माध्यम से झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के खाताधारकों और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को 20-20 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।











