कमलपुर में स्कूल के गेट से छात्रा का अपहरण, आरोपी युवक गिरफ्तार, छात्रा बरामद
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के एक प्लस टू हाई स्कूल के मुख्य गेट से बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे 15 वर्षीय छात्रा के कथित अपहरण का मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, छात्रा के पिता ने कमलपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कमलपुर थाना क्षेत्र के कुमारदा गांव निवासी करीब 25 वर्षीय तापस सिंह सरदार पर छात्रा के अपहरण का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और गुरुवार तड़के थाना क्षेत्र के माहलीपाड़ा गांव से छात्रा को बरामद कर लिया। इसके बाद छात्रा का मेडिकल परीक्षण एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कराया गया। कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता के आवेदन के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी तापस सिंह सरदार को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।



