सुब्रत कप अंडर-15 फुटबॉल में द्वारीडीह को जिले में तीसरा स्थान
Patamda: जिला स्तरीय सुब्रत कप अंडर-15 बालक वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय द्वारीडीह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बीआरपी अबनी महांती ने कहा कि पटमदा प्रखंड के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। वहीं टीम के साथ प्रतियोगिता में गए प्रधानाध्यापक सुखेंदु कुमार मांडी ने बताया कि पहले दौर में द्वारीडीह ने पोटका की टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में हार का सामना करने के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं हारी और तीसरे स्थान के मुकाबले में जमशेदपुर की टीम को पराजित कर तीसरा स्थान अपने नाम किया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उमवि द्वारीडीह ही नहीं, बल्कि पूरे पटमदा प्रखंड के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



