चौरा हाई स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
Patamda: उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा, पटमदा में मंगलवार को “प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 2026 की माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नितीश चंद्रवंशी ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
समारोह के दौरान सम्मानित विद्यार्थियों को उनके अंकपत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और गौरव से भरपूर रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। मौके पर शिक्षक डॉ. समीर कुमार, संतोष कुमार सिंह, काजल साहा एवं गोवर्धन महतो समेत सभी शिक्षक शिक्षिकाओं एवं बाल संसद के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेंगे।



