खेलो झारखंड की कबड्डी प्रतियोगिता में छात्रा बेहोश, टीएमएच में भर्ती
Patamda: खेलो झारखंड के तहत शनिवार को पटमदा के एसएस प्लस टू हाई स्कूल मैदान में आयोजित प्रखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी खेल रही कक्षा नौ की एक छात्रा घायल होकर बेहोश हो गई। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। चौरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्रा सीमा कर्मकार कबड्डी प्रतियोगिता में खेल रही थी। इसी दौरान एक अन्य छात्रा उसके ऊपर गिर गई, जिससे सीमा बेहोश हो गई। घटना के तुरंत बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक नीतीश चंद्रवंशी उसे माचा स्थित पटमदा सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
एमजीएम में छात्रा की स्थिति गंभीर देखते हुए परिजन उसे टीएमएच ले गए, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। शाम करीब साढ़े सात बजे छात्रा को होश आया और उसने परिजनों से बातचीत भी की। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। घाघरा गांव निवासी छात्रा के पिता सुधीर कर्मकार ने बताया कि चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।








