कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने किया कमलपुर थाना का शैक्षणिक भ्रमण
Patamda : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बांगुड़दा की छात्राओं ने शनिवार को शिक्षिकाओं के साथ कमलपुर थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने थाना की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया और पुलिस विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी हासिल की। भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक करने के साथ उनके अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना था। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने छात्राओं से संवाद करते हुए बाल विवाह, दहेज प्रताड़ना, पॉक्सो एक्ट, अपहरण समेत विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियां कानूनन अपराध हैं। साथ ही, बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने वाले पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों को भी सरल भाषा में समझाया।
थाना प्रभारी ने छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना भय के पुलिस से संपर्क करने और घटना की जानकारी देने की सलाह दी। उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों तथा पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों से भी छात्राओं को अवगत कराया। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने थाना परिसर का निरीक्षण कर पुलिस के कामकाज को करीब से देखा और विभागीय गतिविधियों से जुड़े सवाल पूछे। थाना प्रभारी ने छात्राओं के सवालों का सरल भाषा में जवाब दिया। शैक्षणिक भ्रमण को लेकर छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया।








