प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
Patamda : एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा के मैदान में शनिवार को एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता के तहत दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, 4×100 मीटर रिले, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने कहा कि खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल से बच्चे स्वस्थ रहने के साथ अनुशासन और टीम भावना भी सीखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल समय की बर्बादी नहीं, बल्कि शरीर को स्वस्थ रखने का बेहतर माध्यम है। बच्चों को उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। प्रतियोगिता के सफल संचालन में बीआरपी राजेश कुमार, अबनी कुमार महंती, राहुल कुमार, क्वीन ठाकुर, राजेश कुमार, प्रबोध कुमार महतो, पंचानन महतो, समीर गिरी, अजीत कुमार, अंब्रेश कुमार, नरेंद्र नाथ दत्त, राज नारायण दत्त समेत अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।








