बेलटांड़ में भव्य गणेश पूजा को लेकर भूमि पूजन, तैयारियां शुरू
Patamda : पटमदा के बेलटांड़ स्थित सार्वजनिक गणेश पूजा कमेटी की ओर से शनिवार को पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही इस वर्ष गणेश पूजा को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भूमि पूजन के दौरान पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इसमें पूजा कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कमेटी के कोषाध्यक्ष परमेश्वर गोप ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी गणेश पूजा को आकर्षक रूप देने की तैयारी की जा रही है। पंडाल निर्माण, विद्युत सज्जा समेत अन्य व्यवस्थाओं पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पूजा के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कमेटी के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मौके पर महासचिव विश्वामित्र दास, नीरज शर्मा, बिलास महतो, अजय मंडल, सौरभ दास, शांतनु दास समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।








