सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कराई सफाई, हादसे की आशंका हुई कम
Patamda : बोड़ाम प्रखंड की रसिकनगर पंचायत की मुखिया अर्चना सिंह ने ग्रामीणों की मांग पर बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क के किनारे उगी झाड़ियों की जेसीबी से सफाई कराई। शनिवार को बड़ासुसनी गांव के तीखे मोड़ के समीप तालाब की मेढ़ पर उगी झाड़ियों को हटाया गया। मुखिया प्रतिनिधि सनातन सिंह लाया और पंसस प्रतिनिधि संजय कुंभकार की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान चलाकर सड़क किनारे की झाड़ियों को साफ कराया गया। सनातन सिंह लाया ने बताया कि बरसात के मौसम में झाड़ियों के बढ़ जाने से सड़क का हिस्सा संकरा हो गया था, जिससे वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को इसी स्थान के पास एक बाइक सवार युवक दुर्घटना का शिकार हो गया था।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए शनिवार को निजी खर्च पर जेसीबी मशीन लगाकर झाड़ियों की सफाई कराई गई, ताकि सड़क पर आवागमन सुगम हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।








