बालिका वर्ग के खो-खो में पहाड़पुर और फुटबॉल में बोड़ाम की टीम रही विजेता
बोड़ाम प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ी पुरस्कृत
Patamda : बांकादा फुटबॉल मैदान में शनिवार को बोड़ाम प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। प्रतियोगिता में दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, 4×100 मीटर रिले, कबड्डी, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। झमाझम बारिश के बावजूद विद्यार्थियों में खेल के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जबकि विद्यालय के शिक्षकों ने उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला पार्षद प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो, पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो, बीपीओ कैलाशपति महतो एवं बीआरपी मनोरंजन महतो ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के परिणाम में बालिका वर्ग के खो-खो में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पहाड़पुर विजेता और उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लायलम उपविजेता रहा। बालिका वर्ग कबड्डी में आदिवासी उच्च विद्यालय, बोड़ाम विजेता तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पहाड़पुर उपविजेता रहा। बालक वर्ग वॉलीबॉल में आदिवासी उच्च विद्यालय, बोड़ाम ने विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं, बालक वर्ग फुटबॉल में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पहाड़पुर विजेता और आदिवासी उच्च विद्यालय, बोड़ाम उपविजेता रहा। बालिका वर्ग फुटबॉल में आदिवासी उच्च विद्यालय, बोड़ाम विजेता तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पहाड़पुर उपविजेता रहा। प्रतियोगिता के सफल संचालन में मधुसूदन प्रसाद, प्रबोध कुमार महतो, मकर हेंब्रम, सागर महतो, परेश नाथ महतो, विष्णु रजवार, कृष्ण चंद्र दास, पंचानन महतो, अजीत कुमार, नरेंद्र नाथ दत्त, राज नारायण दत्त, रामपद महतो, गोपेश्वर रजक, सीमांत महतो समेत अन्य का सराहनीय योगदान रहा।








