पटमदा के हुरूम्बिल निवासी युवक की इमरजेंसी वार्ड से मोबाइल चोरी, अस्पताल में भर्ती मरीज ही निकला आरोपी
Jamshedpur : पटमदा के हुरूम्बिल गांव निवासी देवाशीष महतो का मोबाइल फोन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से चोरी हो गया। मोबाइल चोरी होने की जानकारी तत्काल होमगार्ड जवानों को दी गई। इसके बाद जवानों ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि चौथी मंजिल पर भर्ती एक मरीज ने ही मोबाइल फोन उठाया था। इसके बाद जवानों ने मामले में संबंधित मरीज से पूछताछ की। बताया गया कि आरोपी मरीज की मां के अनुरोध और अनुनय-विनय के बाद मोबाइल फोन वापस कर दिया गया। मोबाइल वापस मिलने के बाद देवाशीष महतो की ओर से किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं की गई। इसके चलते मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं हुई और मोबाइल फोन उसके मालिक को सौंप दिया गया।
इस संबंध में देवाशीष महतो ने बताया कि उनके पिता युधिष्ठिर महतो किडनी की बीमारी से ग्रसित हैं और गुरुवार को ही एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को देर रात तक जागने के कारण पिताजी के बेड पर बैठने के दौरान नींद आने लगी और पॉकेट में रखा मोबाइल फोन बेड पर गिरने के बाद अज्ञात युवक ने चोरी कर ली। इसकी आहट मिलने पर तुरंत वह होमगार्ड जवानों के पास पहुंचा तो जवानों ने सक्रियता दिखाई और मोबाइल वापस दिलाया।








