राष्ट्रीय खेल दिवस पर एसएस +2 हाई स्कूल पटमदा में खेल भावना का उत्सव
शिक्षक-विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में लिया उत्साहपूर्वक भाग
Patamda : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एसएस +2 हाई स्कूल, पटमदा में शनिवार को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को खेल शपथ दिलाकर की गई। इस अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी एवं भारतीय खेल जगत के गौरव मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा उनके जीवन, समर्पण और खेल के प्रति अनुकरणीय प्रतिबद्धता से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में शिक्षक बनाम विद्यार्थी क्रिकेट, बालिकाओं एवं बालकों के बीच खो-खो, वॉलीबॉल तथा शिक्षक एवं विद्यार्थियों के बीच म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विभिन्न खेलों के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय में पूर्व में आयोजित ‘ऊर्जावान 29 चैलेंज’ की विभिन्न गतिविधियों को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। इसके अंतर्गत प्लैंक चैलेंज, पुश-अप, स्किपिंग, पास द बॉल तथा रस्साकशी जैसी शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया था। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक सक्रियता, अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
स्कूल के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि, खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण साधन है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। पढ़ाई के साथ खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। राष्ट्रीय खेल दिवस हमें मेजर ध्यानचंद जी के समर्पण, अनुशासन और खेल भावना से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है। प्राचार्य ने आगे कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी किसी न किसी खेल अथवा शारीरिक गतिविधि से जुड़े। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने तथा खेल भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शिक्षक एवं विद्यार्थियों की संयुक्त भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। खेलों के माध्यम से शिक्षक-विद्यार्थी के बीच आत्मीयता, सहयोग और सकारात्मक संवाद का वातावरण भी मजबूत हुआ। विद्यार्थियों ने खेलों के महत्व को समझने के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल गतिविधियों की प्रभारी डोली डे के साथ महेश कुमार द्विवेदी, डॉक्टर प्रमाणिक, श्रीमंत प्रमाणिक एवं स्वाति शर्मा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयास से राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि खेल जीवन में केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और सकारात्मक सोच का भी निर्माण करते हैं।








