दलमा के काेंकाधासा में वज्रपात से दो किशोर घायल, एमजीएम में भर्ती
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत दलमा की पहाड़ी के बीच बसे काेंकाधासा गांव में रविवार को शाम करीब 5 बजे बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लड़के गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। परिजनों ने देर शाम करीब 7 बजे दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां गंभीर हालत में दोनों का इलाज जारी है। घायलों में दीपक सिंह (15 वर्ष) एवं फतू सिंह (17 वर्ष) शामिल हैं जो काेंकाधासा गांव के ही रहने वाले हैं।
इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शी मंगल सिंह ने बताया कि वह और एक अन्य लड़का दीपक सिंह भैंसा चरा रहे थे जबकि घायल दोनों लड़के नहाने के लिए घर से करीब 300 मीटर दूर तालाब में गए थे। बारिश शुरू होते ही तालाब के बगल में मौजूद एक कुसुम के पेड़ के नीचे चारों रुक गए। इस दौरान अचानक तेज आवाज के साथ वज्रपात होने से आकाशीय बिजली दीपक सिंह व फतू सिंह के ऊपर गिर गया जिससे उनके बदन के कपड़े पूरी तरह से जल गए और दोनों मूर्छित होकर जमीन में गिर पड़े। हालांकि इस घटना में वे दोनों सुरक्षित बच गए, उन्हें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद आनन फानन में परिजनों को सूचित किया गया और एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।





