खोखरो में अवैध शराब भट्ठियां बंद कराने का महिलाओं ने लिया संकल्प
महिला समूहों की बैठक में लिया निर्णय, जरूरत पड़ने पर प्रशासन से ली जाएगी मदद
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत खोखरो स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में रविवार को महिला समूहों के सक्रिय सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में गांव में अवैध रूप से संचालित शराब भट्ठियों को बंद कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महिला समूह की सदस्य मंजू वाला महतो ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से गांव में कुछ लोगों द्वारा अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। शराब के कारण कई परिवारों में आए दिन अशांति बनी रहती है। नशे की हालत में पति-पत्नी के बीच मारपीट की घटनाएं भी होती हैं, जिसका प्रतिकूल असर बच्चों और पूरे समाज पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण कई लोगों की असमय मौत भी हो चुकी है। शराब परिवार की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में बाधक बन रही है। इसलिए गांव में संचालित अवैध शराब भट्ठियों को हर हाल में बंद कराया जाएगा। इसके लिए महिला समूह सामूहिक रूप से पहल करेगा और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन से भी सहयोग लिया जाएगा। बैठक में ग्राम प्रधान संतोष सिंह, जनार्दन सिंह, शांति सिंह, सोमवारी सिंह, आलोचना सिंह, गुरुवारी सिंह, शिवानी सिंह, भादू सिंह, मंजू वाला महतो समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।





