कोंकाधासा व धूसरा में मलेरिया जांच शिविर, 7 बच्चों समेत 11 मरीज मिले पॉजिटिव
खराब सड़क के कारण एक किमी पैदल चलकर पहुंची टीम
Patamda : दलमा की पहाड़ी के बीच बसे बोड़ाम प्रखंड के कोंकाधासा गांव में मंगलवार को पटमदा सीएचसी की टीम द्वारा आयोजित शिविर में 36 लोगों की मलेरिया जांच की गई। जांच के दौरान 9 मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। सभी मरीजों में पीएफ मलेरिया की पुष्टि हुई। संक्रमित मरीजों में हरेराम सिंह (6), मितन सिंह (35), चंपाकली सिंह(40), आरती सिंह (5), पूर्णिमा सिंह (10), पल्लबी सिंह (5 साल 6 महीने), कल्पना सिंह (30), पूजा सिंह (14) और प्रतिमा सिंह (8) शामिल हैं।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मलेरिया संक्रमित मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराते हुए उपचार और बचाव के संबंध में जानकारी दी। ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने, घर और आसपास साफ-सफाई रखने तथा बुखार होने पर तत्काल मलेरिया की जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
कोंकाधासा में स्वास्थ्य शिविर लगाने पहुंची टीम को खराब सड़क के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण वाहन को आगे ले जाना संभव नहीं था। इसके चलते स्वास्थ्यकर्मियों को करीब एक किलोमीटर तक बारिश के दौरान पैदल चलकर शिविर स्थल तक पहुंचना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने गांव में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की जांच की। शिविर में डॉ. सोमन दत्ता, एमपीडब्ल्यू निर्मल महतो, उत्तम मल्लिक, सचिन सीठ, एएनएम संगीता राज भारती, सहिया साथी और सहिया मौजूद रहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच व उपचार कराने की अपील की। दूसरी ओर पटमदा प्रखंड अंतर्गत धूसरा टोला डोगागरल में 2 बच्चे मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं जिनमें पीवी मलेरिया की पुष्टि हुई है। मरीजों में सुभाष मांडी की 2 वर्षीय पुत्री रानी मांडी एवं 7 वर्षीय पुत्र रोहित मांडी शामिल हैं।



