आगुईडांगरा में 9 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब, सबस्टेशन में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
Patamda: पटमदा के आगुईडांगरा गांव स्थित दास पाड़ा का 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर पिछले 9 दिनों से खराब पड़ा हुआ है। इसके कारण गांव के 70 परिवार अंधेरे में रहने को विवश हैं। इसके विरोध में बुधवार को पटमदा सबस्टेशन पहुंचकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया एवं मौके पर मौजूद कर्मचारियों को चेतावानी दी कि अगर गुरुवार तक गांव में आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो सैकड़ों ग्रामीणों के साथ सबस्टेशन का घेराव किया जाएगा। इस दौरान सबस्टेशन के कर्मचारी ने विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर बात करते हुए मामले की जानकारी दी तो गुरुवार को ट्रांसफॉर्मर भेजने का आश्वासन दिया गया।
इस संबंध में पूर्व उप मुखिया रतन सिंह ने बताया कि विभागीय कनीय अभियंता से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है और बरसात के दिनों में जहरीले कीड़े मकोड़े का भय सताने लगा है। शाम होते ही बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों में गणेश दास, स्वपन दास, अधर गोप, अमित गोराई, जितेंद्र गोराई, आदित्य दास, सोनू लायेक एवं तपन दास आदि का कहना है कि अगर कल तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगता है तो ग्रामीणों द्वारा आंदोलन किया जाएगा।



