बाटालुका में पुलिस-ग्रामीण संवाद, एसएसपी ने बच्चों में बांटे पाठ्य सामग्री

नशाखोरी, साइबर ठगी, डायन प्रथा व अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता अभियान
Patamda : पटमदा थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती एवं जंगलों से घिरे गोबरघुसी पंचायत के बाटालुका गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में बुधवार को पुलिस-ग्रामीण संवाद सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को गति देना था। कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार खंडेलवाल, पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार तथा बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार के अलावा जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, समाजसेवी, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
अपराध और अंधविश्वास के खिलाफ किया जागरूक
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए नशाखोरी, साइबर अपराध, बैंकिंग ठगी, डायन प्रथा और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की। जंगल क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों के प्रति भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग जितना मजबूत होगा, अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना उतना ही आसान होगा। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी घटना को छिपाने के बजाय समय पर पुलिस को इसकी जानकारी दें। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा को क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया। छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, किताब, पेन सहित अन्य अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों को सम्मानित करते हुए बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।
ग्रामीणों ने सड़क, बिजली और नेटवर्क की समस्याएं रखीं
संवाद के दौरान ग्रामीणों ने जर्जर सड़कों, बिजली की समस्या, मोबाइल नेटवर्क की कमी, मोबाइल टावर की आवश्यकता समेत अन्य बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के विकास में इन समस्याओं का समाधान बेहद जरूरी है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, टावर और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को संबंधित स्तर पर रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर उच्चस्तरीय बैठक कर समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों के साथ बेहतर संबंध स्थापित कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण तैयार करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास मजबूत होने से असामाजिक और उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है।
पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर जोर
जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, ग्राम प्रधान खगेंद्र नाथ सिंह और समाजसेवी विश्वनाथ महतो एवं युधिष्ठिर महतो सहित अन्य ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बाटालुका और आसपास का क्षेत्र प्राकृतिक दृष्टि से काफी समृद्ध है। बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने पर यहां पर्यटन की संभावनाओं को भी विकसित किया जा सकता है।



