बांगुड़दा आदर्श ग्राम में सड़क बदहाल, मुड़ाकुली टोला में पानी की समस्या
Patamda : पटमदा के बांगुड़दा आदर्श ग्राम में सड़क की बदहाल स्थिति और मुड़ाकुली टोला में पानी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। दोनों समस्याओं को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की है। बांगुड़दा गांव की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और कई स्थानों पर पत्थर बाहर निकल आए हैं। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई जगह पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क का निर्माण काफी पहले पत्थर और मुरुम डालकर किया गया था, लेकिन इसके बाद उचित मरम्मत और पक्कीकरण नहीं होने से सड़क जर्जर हो गई है। यह मार्ग बांगुड़दा होते हुए जामबनी तक जाता है और आसपास के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है।
वहीं, बांगुड़दा गांव के मुड़ाकुली टोला में पानी की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। गांव पहुंचे जेएलकेएम के युवा नेता राजेश कुंभकार ने बताया कि वहां लगा सोलर जल व्यवस्था खराब पड़ा है। ग्रामीण एक नल/हैंडपंप से पानी लेने को मजबूर हैं, लेकिन उससे भी पानी काफी धीमी गति से निकलता है। वहीं नल के चारों ओर कीचड़ जमा रहने के कारण महिलाओं समेत अन्य ग्रामीणों को पानी भरने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने सड़क एवं पानी से जुड़ी अपनी समस्याओं को राजेश कुंभकार के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी ग्रामीणों को सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा तथा समाधान के लिए आवाज उठाई जाएगी। ग्रामीणों ने विधायक, सांसद एवं प्रशासन से सड़क का जल्द पक्कीकरण कराने तथा मुड़ाकुली टोला में खराब सोलर जल व्यवस्था को दुरुस्त कर सुचारू पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।



