समाजसेवी विश्वनाथ महतो की पहल से पांच चापाकल दुरुस्त, ग्रामीणों को मिली राहत
Patamda: बोड़ाम प्रखंड की भूला पंचायत अंतर्गत चित्रनगर टोला में पिछले पांच महीनों से खराब पड़े चापाकल की मंगलवार को मरम्मत कर उसे चालू कर दिया गया। चापाकल खराब होने से ग्रामीणों को लंबे समय से पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर विभिन्न समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से खबरें प्रकाशित हुई थीं। मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने पहल करते हुए चापाकल की मरम्मत कराई। चापाकल चालू होने के बाद ग्रामीणों को पेयजल संकट से काफी राहत मिली है।
इसी क्रम में पटमदा प्रखंड की लावा पंचायत के सिसदा गांव में दो तथा आमबोहाल टोला में दो चापाकलों की भी मरम्मत कर उन्हें चालू कराया गया। लंबे समय से चापाकल खराब रहने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा था। पांचों चापाकल चालू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। मौके पर राहुल महतो, तपन चित्रकार, सुचांद सिंह, बुद्धेश्वर चित्रकार, संतोष चित्रकार, रहिन सिंह, फटीक सिंह, गणेश सिंह, चंदन सिंह, पुईतू सिंह, अम्बुज सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।



