पटमदा में नक्सली गतिविधियों का दौर समाप्त, कोबरा जवानों को सम्मानपूर्वक विदाई
Patamda : पूर्वी सिंहभूम जिले के दलमा पहाड़ से सटे पटमदा और बोड़ाम थाना क्षेत्रों में लंबे समय से चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों के बाद नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगने का दावा किया गया है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद शनिवार को कोबरा बटालियन के जवानों को सम्मान समारोह आयोजित कर विदाई दी गई। पटमदा पिकेट, तुंगबुरु पिकेट और बोड़ाम पिकेट में तैनात कोबरा जवान अपने मुख्यालय बरही के लिए रवाना हुए।
इस दौरान 203 कोबरा बटालियन के डिप्टी कमांडेंट मोहम्मद आरिफ, असिस्टेंट कमांडेंट पार्थ सारथी मिश्रा, सुशांत कुमार, गौरव शर्मा और साहिल को पटमदा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता एवं समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में अधिकारियों और ग्रामीण प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम करने में सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन और केंद्रीय सशस्त्र बलों के लगातार अभियान तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। इससे नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। कोबरा जवानों ने भी अभियान के दौरान स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों से मिले सहयोग के लिए आभार जताया। अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जवानों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके सुरक्षित वापसी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




