मूसलाधार बारिश से गिरे तीन कच्चे मकान, विधायक सोमेश सोरेन ने भेजे तिरपाल
Gurabanda: गुड़ाबांदा प्रखंड के फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत अंतर्गत रेरुआ गांव में विगत दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण तीन गरीब परिवारों के कच्चे मकानों की दीवारें ढह गईं। जिससे वे बेघर होकर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रभावित परिवारों में चैतन हांसदा, मिलन हांसदा, शंभू धीबर और बजकर धीबर शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन को सूचित किया। सूचना मिलते ही विधायक ने मानवता का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई की और पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से मंगलवार को पीड़ित परिवारों के बीच तिरपाल का वितरण करवाया ताकि उन्हें तात्कालिक राहत मिल सके। इस मौके पर झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष भोगान मुर्मू, पंचायत अध्यक्ष सुशील कुमार हांसदा, कोषाध्यक्ष शिव शंकर हांसदा सहित कई कार्यकर्ता गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। नेताओं ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए जिला प्रशासन से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। संकट की इस घड़ी में त्वरित सहयोग मिलने पर ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताया है।




