हुनर सीख आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहीं बेनाशोल की महिलाएं
Jamshedpur: मुसाबनी प्रखंड के बेनाशोल पंचायत भवन में संचालित निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं के लिए स्वरोजगार की नई राह खोल रहा है। यहां बेटियों, बहनों और महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण देकर उन्हें हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षक नाजनी बेदिया के मार्गदर्शन में महिलाएं पूरे उत्साह और लगन के साथ सिलाई का प्रशिक्षण ले रही हैं। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण तीन पालियों में संचालित किया जा रहा है। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे, दूसरी पाली दोपहर 12 से 2 बजे तथा तीसरी पाली दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक चलती है। प्रशिक्षण की देखरेख एवं आवश्यक सहयोग पंचायत की मुखिया सुकुरमुनी हेंब्रम द्वारा किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में शामिल महिलाएं नियमित रूप से अभ्यास कर सिलाई की बारीकियां सीख रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें एक दिन में एक कपड़ा तैयार करने का हुनर भी सिखाया जा रहा है। प्रशिक्षक नाजनी बेदिया ने बताया कि महिलाओं में सीखने की उत्सुकता और मेहनत देखकर उन्हें काफी खुशी हो रही है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाएं सिलाई के हुनर को स्वरोजगार का माध्यम बनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं। यह प्रशिक्षण महिलाओं को केवल सिलाई का हुनर सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने की पहल है। प्रशिक्षण से जुड़कर इच्छुक महिलाएं अपने हुनर को रोजगार में बदलकर परिवार की आय में भी योगदान दे सकती हैं।




