दुर्गा पूजा को लेकर कमलपुर थाना में शांति समिति की बैठक

Patamda : दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को कमलपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पटमदा अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने की। इसमें पटमदा सर्किल इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर, थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में बांगुड़दा, काश्मार, बनकुंचिया एवं दगड़ीगोड़ा की दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों ने पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। अंचलाधिकारी ने पूजा समितियों से पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पेयजल एवं पार्किंग की व्यवस्था तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने की अपील की। साथ ही पंडाल के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने को कहा।
थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को जानकारी दें। सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी भी भ्रामक सूचना को साझा न करने की अपील की। उन्होंने डीजे पर प्रतिबंध सहित प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। मौके पर जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो, मुखिया दीपक कोड़ा, ग्राम प्रधान बगला किंकर मिश्रा, सुभाष सिंह, मृत्युंजय महतो, प्रदीप कुमार महतो, ओम प्रकाश केडिया, भीष्मनाथ महतो, गिरजा प्रसाद मिश्रा, मुचीराम कुंभकार, आनंद महतो, गोपाल गोराई समेत शांति समिति एवं पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे।
बैठक में कुमीर पंचायत के मुखिया दीपक कोड़ा ने कहा कि कमलपुर थाना में नए थाना प्रभारी के पदस्थापन के साथ कार्यशैली में नई संस्कृति की शुरुआत हुई है, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी ने पहली बार सभी जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से दूरभाष के माध्यम से बैठक की जानकारी दी। भाजपा नेता प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि थाना प्रभारी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें। इससे उन्हें आम जनता का भी भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा। बैठक से पूर्व शांति समिति के सदस्यों ने नए थाना प्रभारी धनंजय पासवान का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।




