ग्राम सभा की शक्ति और पंचायत की जिम्मेदारी पर छात्राओं ने प्रस्तुत किया जागरूकता नाटक
Jamshedpur : कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय मुसाबनी में छात्राओं ने ग्राम सभा की भूमिका और पंचायत की जिम्मेदारियों पर आधारित जागरूकता नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीण विकास में जनभागीदारी का संदेश दिया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से सरल एवं प्रभावी ढंग से बताया कि ग्राम सभा महज एक बैठक नहीं, बल्कि ग्रामीणों की भागीदारी और गांव के विकास से जुड़े निर्णय लेने का महत्वपूर्ण मंच है। नाटक के माध्यम से पंचायत की जिम्मेदारियों, ग्रामीणों की सहभागिता तथा विकास कार्यों में जागरूक नागरिकों की भूमिका को भी प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होकर ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी करें, तभी पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मणिक भकत एवं बाल्मीकि पाल तथा पाथरगोडा क्षेत्र के प्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बेनासोल पंचायत की मुखिया सुकुरमुनी हेंब्रम ने भी अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता की। छात्राओं की प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी को ग्राम व्यवस्था, अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देने से गांव में जनभागीदारी को और मजबूत किया जा सकता है। विद्यालय परिवार ने छात्राओं को बेहतर प्रस्तुति के लिए बधाई दी।




