आसरा परिसर में मनाया गया विश्व बुजुर्ग दिवस, 100 वरिष्ठ नागरिक सम्मानित
Patamda: गोबरघुसी पंचायत के काशीडीह स्थित आसरा के मुख्य परिसर में विश्व बुजुर्ग दिवस के अवसर पर विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के 100 वरिष्ठ नागरिकों को वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच के लिए नि:शुल्क शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, पूर्व मुखिया खगेन सिंह एवं गोबरघुसी की आसरा समन्वयक मंजू दत्ता मौजूद रहीं।
अतिथियों ने बुजुर्गों के सामाजिक योगदान और उनके अनुभवों को समाज की महत्वपूर्ण धरोहर बताया। समारोह के दौरान संजीव नेत्रालय की मेडिकल टीम ने वरिष्ठ नागरिकों की नि:शुल्क नेत्र जांच की। जांच में 40 बुजुर्गों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। इस अवसर पर स्टेट हेड सत्यजीत कुमार, श्रीचरण माझी और सोनारतन सिंह भी उपस्थित रहे।




