पटमदा में भाजपा का लाभार्थी शिविर, सांसद ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
Patamda : भाजपा जमशेदपुर महानगर के निर्देश पर गुरुवार को पटमदा प्रखंड मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। पटमदा प्रखंड मुख्यालय में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए। शिविर में पटमदा प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष अपने क्षेत्र की सामूहिक समस्याओं के साथ-साथ व्यक्तिगत समस्याएं भी रखीं। सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने तथा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। लाभार्थी शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करना है।
कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, महानगर उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, जिला मंत्री मुचीराम बाउरी, महावीर महतो, मंटू चरण दत्ता, कृष्णपद सिंह, मधुसूदन महतो, निरंजन रजक, परीक्षित महतो व बिमल मंडल समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।




