पटमदा में लंबे समय तक सेवा दे चुके सहायक विद्युत अभियंता सुरेश प्रसाद चौधरी का हार्ट अटैक से निधन

Patamda : बिजली विभाग में पटमदा सह मानगो क्षेत्र में करीब 10 वर्षों तक कनीय अभियंता के पद पर सेवा दे चुके सुरेश प्रसाद चौधरी का शुक्रवार देर रात रांची स्थित उनके आवास पर हृदयाघात से निधन हो गया। शनिवार सुबह उनके निधन की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि चौधरी वर्तमान में रांची जिले में सहायक विद्युत अभियंता के पद पर पदस्थापित थे। पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र में लंबे समय तक सेवा देने के कारण वे यहां के बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी काफी परिचित थे। बोड़ाम के लाइनमैन पुतुल प्रमाणिक एवं पटमदा के मोहम्मद महमूद ने बताया कि सुरेश प्रसाद चौधरी अपने मिलनसार एवं मृदुभाषी स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रति उनका रवैया हमेशा सहयोगात्मक रहा।
लाइनमैन सुरेश रजक ने बताया कि चौधरी अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनकी बेटी श्रीप्रिया जमशेदपुर न्यायालय में जिला जज के रूप में सेवा दे चुकी हैं और वर्तमान में मुख्यालय में कार्यरत हैं। वहीं, उनका बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। उनके निधन की खबर से पटमदा-बोड़ाम क्षेत्र के विद्युत विभाग के कर्मचारियों में शोक व्याप्त है। सहकर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।




