बोड़ाम प्रखंड गांव गणराज्य समिति का गठन, महेश्वर सिंह अध्यक्ष व सवर्धन हांसदा सचिव बने

Patamda : बोड़ाम प्रखंड के कुईयानी पंचायत भवन में रविवार को मुखिया अजब सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर प्रखंड स्तरीय गांव गणराज्य समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें महेश्वर सिंह को अध्यक्ष, सवर्धन हांसदा को सचिव तथा आनंद हांसदा को कोषाध्यक्ष चुना गया। समिति में सक्रिय सदस्यों के रूप में अमृत हांसदा, राजकिशोर सिंह, विनय कुमार मंडल, रानू मुर्मू, ईश्वर सवर, रामचंद्र सोरेन, नागेंद्र मांझी, सुधीर सोरेन, रमेश मुर्मू, मोहन सोरेन और विश्वजीत सिंह का चयन किया गया।
बैठक में बोड़ाम प्रखंड की सभी पंचायतों से ग्रामसभा सदस्यों का भी चयन किया गया। गांव गणराज्य लोक समिति कोल्हान के संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार ने नवनिर्वाचित समिति के सदस्यों को संगठन के नियमों एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी तथा उन्हें शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गांव गणराज्य संगठन संवैधानिक प्रावधानों, पेसा कानून एवं नियमावली 2025, वन अधिकार कानून 2006 और पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के प्रावधानों के आधार पर कार्य करेगा। उन्होंने संगठन की सदस्यता शुल्क 20 रुपये निर्धारित होने की जानकारी भी दी। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के गांव गणराज्य के सचिव जन्मेंजय सिंह तथा समिति के सलाहकार अजब सिंह ने पेसा कानून एवं ग्रामसभा को सशक्त बनाने की दिशा में संगठन की भूमिका पर विचार रखे। बैठक में खांदू माझी, कांचन हेंब्रम, चेतन हेंब्रम, भरत टुडू, आनंद हांसदा, सुधारी सोरेन, छुटुलाल हांसदा, भिरगू हेंब्रम, रवींद्रनाथ सिंह, अधर सिंह और जलन मांडी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




