हो समाज के युवाओं ने विधायक संजीव सरदार के पक्ष में जताया समर्थन, अनियमितता की निष्पक्ष जांच की मांग
Dumaria(Jamshedpur): डुमरिया प्रखंड के छोलागोड़ा में शुक्रवार को हो समाज के सदस्यों एकजूट होकर ने स्थानीय विधायक संजीव सरदार के पक्ष में अपना पूर्ण समर्थन जताया है। यह समर्थन स्वर्णरेखा नहर प्रमंडल, चांडिल द्वारा खरकई दायीं मुख्य नहर की यूजीपीएल योजना के तहत किए जा रहे बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर सामने आया है। समाज के उपस्थित लोगों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान अभियंताओं के ऊपर लगाए गए कथित मारपीट के आरोपों को विधायक संजीव सरदार पहले ही पूरी तरह खारिज कर चुके हैं।
हो समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह पूरा प्रकरण प्रशासनिक विभाग और अनियमितता से जुड़ा हुआ है, जिसके विरोध में स्थानीय ग्रामीण और ग्रामसभा डटकर खड़े हैं और यह उच्च स्तरीय जांच का विषय है। समाज ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई है कि एक राजनीतिक संगठन से जुड़े लोग इस प्रशासनिक और विभागीय मामले को सामाजिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। समाज ने जोर देकर कहा कि ग्रामसभा ही सर्वेसर्वा है और क्षेत्र के विकास कार्य वहां की जनभावनाओं के अनुरूप होने चाहिए। वर्तमान में ग्रामसभा विभाग के अधिकारियों द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं के खिलाफ संघर्ष कर रही है। डुमरिया हो समाज ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। समाज ने यह भी साफ किया कि यह मामला विभाग और अनियमितताओं से जुड़ा होने के कारण इसमें किसी भी तरह का अवांछित सामाजिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए और डुमरिया हो समाज पूरी मजबूती के साथ विधायक संजीव सरदार के साथ खड़ी है। इस मौके पर मधुसूदन बिरुवा, रामो पाड़ेया, दुमु दिगी, मंगल पाड़ेया, साधु पाड़ेया, चंपई सोरेन, पवन सामद, लखन जोंको, सागेन तिऊ आदि उपस्थित थे।





