बेलटांड़ और पटमदा में शांतिपूर्ण विसर्जन, भूला में झड़प
Patamda: पटमदा, कमलपुर और बोड़ाम थाना क्षेत्रों में दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिकांश स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्वक किया गया। हालांकि, बोड़ाम थाना क्षेत्र के भूला चांदनी चौक में गुरुवार रात करीब नौ बजे विसर्जन के दौरान मामूली झड़प हो गई। इसमें पूजा समिति के सदस्य रजनीकांत सिंह घायल हो गए। रजनीकांत सिंह का आरोप है कि कुछ लोगों के बीच बहस के बाद मारपीट होने लगी। इस दौरान बीच-बचाव करने पर पुलिसकर्मियों ने उनकी पिटाई कर दी। उनके मुंह में चोट लगी है। देर रात करीब 11 बजे उन्हें पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पूजा समिति की प्रतिमाओं को शांतिपूर्ण वातावरण में भूला गांव स्थित भूतांग बांध तालाब पहुंचाने के बाद लौट गए थे जिसके बाद यह घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी ओर, पटमदा के श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति लावा (बेलटांड़) की प्रतिमाओं का विसर्जन रांगा बांध तालाब में दोपहर दो बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। विसर्जन जुलूस में समिति के अध्यक्ष ईशान चंद्र गोप, महासचिव विजय कुमार मंडल, शिशुपाल सिंह सरदार, राजू मंडल, मिहिर कुमार प्रमाणिक, गोपाल कुमार, प्रदीप कुमार पैड़ा, गोपाल गोराई, मधुसूदन दास, सुरेंद्र प्रमाणिक, विजय कृष्ण प्रमाणिक, बुद्धेश्वर सिंह, प्रवीण मल्लिक, दयामय मोदक, कल्याण कुमार गोराई, अजीत प्रमाणिक, सुनील प्रमाणिक, अक्षय कुंभकार, राजेश कुमार गोराई, देवनाथ दास और महानंद दास समेत अन्य सदस्य शामिल थे। पटमदा बाजार में भी दोपहर 12 बजे से पहले प्रतिमा विसर्जन संपन्न हो गया। क्षेत्र के अन्य हिस्सों से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।












