पेनाल्टी शूटआउट में तुंगबुरु एफसी ने माझी एफसी को हराया, बनी चैंपियन
Patamda : पटमदा प्रखंड के जोड़सा गांव स्थित पांडुगोड़ा मैदान में मंगलवार को एसएससी क्लब जोड़सा की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच निर्णय नहीं होने पर पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। इसमें तुंगबुरु एफसी ने माझी एफसी को एक गोल से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में ग्राम प्रधान नवीन सिंह मुख्य अतिथि तथा शिक्षाविद् पंचानन दास और वार्ड सदस्य देवेंद्र कुंभकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कमेटी की ओर से विजेता तुंगबुरु एफसी को 9 हजार रुपये और उपविजेता माझी एफसी को 7 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, तीसरे स्थान पर रही जोजोडूंगरी और चौथे स्थान पर रही एलजी साइगो की टीम को 4-4 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में कमेटी के असीम कुमार सिंह, कार्तिक सिंह, भरत सिंह, जयराम सिंह, उमेश सिंह, संदीप सिंह, विनोद सिंह, विकल सिंह, कांचन सिंह और पति सिंह समेत अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।











