झामुमो की मांग : छठ घाटों पर सुरक्षा से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था दुरुस्त करे प्रशासन

11 सूत्री मांगपत्र सौंपकर पर्व से पहले सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह, निरीक्षण में मिलीं कई खामियां
Jamshedpur : छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग को लेकर झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उपायुक्त को 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने घाटों की व्यवस्था में हो रही देरी और निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार बुधवार को जिले के कई छठ घाटों का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान तैयारियों में कई कमियां सामने आईं। इसके बाद प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांगपत्र सौंपा गया।
मांग पत्र में घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा, साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच पथों की मरम्मत और पुरानी सीढ़ियों का जीर्णोद्धार कराने की मांग की गई है। इसके अलावा अस्थायी शौचालय, चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया है। झामुमो ने आकस्मिक स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाने, खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग कराने और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की। साथ ही घाटों पर प्रशिक्षित तैराकों एवं गोताखोरों की तैनाती और वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
जिला प्रशासन एवं संबंधित निकायों से छठ पर्व शुरू होने से पहले सभी 11 मांगों पर हर हाल में कार्रवाई पूरी करने की अपील की गई। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, महाबीर मुर्मू, वीर सिंह सुरेन, नरोत्तम दास, खुद्दू ओरांव, सागेन पूर्ति, अजय रजक, प्रीतम हेम्ब्रम, अभय पांडेय, लक्की सिंह, चरणजीत कौर भाटिया, नासिर खान, रमेश मुर्मू, सुशील हेम्ब्रम, बंटी सिंह, विश्वनाथ महतो, फतेह चंद्र टुडू, अरुण सिंह राजा, सपन राय, इंदरपाल सिंह भाटिया, चंद्रशेखर महतो, जाबिर हुसैन, मनोज तांती, रवि मुंडा और मृत्युंजय यादव समेत अन्य शामिल थे।












