1700 से अधिक युवाओं को विकसित भारत क्विज से जोड़ने वाले राज कुमार तन्तुबाई सम्मानित
बोड़ाम के युवा स्वयंसेवक के प्रयासों की उपायुक्त ने की सराहना, गांव-गांव चलाया था जागरूकता अभियान
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत चिरूडीह गांव निवासी माई भारत के सक्रिय युवा स्वयंसेवक (यूथ वालंटियर) राज कुमार तन्तुबाई को उत्कृष्ट सामाजिक कार्य एवं युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए उपायुक्त ने सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान भारत सरकार की ओर से आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ के तहत विकसित भारत क्विज में युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दिया गया।
राज कुमार ने इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, यूथ क्लबों और गांवों में जाकर युवाओं को क्विज के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा व्हाट्सएप समेत अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर बोड़ाम एवं आसपास के क्षेत्रों के 1700 से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराया।
उपायुक्त ने उनके समर्पण, मेहनत और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए सम्मानित किया। राज कुमार की इस उपलब्धि से चिरूडीह गांव सहित पूरे बोड़ाम प्रखंड में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।











