बोड़ाम में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह, आवास योजना के लाभुकों को सौंपी गई चाबी
Patamda : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के उपलक्ष्य में मंगलवार को बोड़ाम प्रखंड के हाटतला मैदान में जिला प्रशासन के ग्रामीण विकास विभाग की ओर से गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपविकास आयुक्त (डीडीसी) नागेंद्र पासवान, प्रखंड प्रमुख ललिता सिंह, बीडीओ किकू महतो, सीओ रंजीत रंजन, विधायक प्रतिनिधि काजल सिंह और पंचायत समिति सदस्य माहापद सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समय पर आवास निर्माण पूरा करें लाभुक, तभी साकार होगा विकसित भारत का सपना : डीडीसी
डीडीसी नागेंद्र पासवान ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लाभुक निर्धारित समय सीमा के भीतर ईमानदारी से अपने आवास का निर्माण पूरा करें। योजनाओं का काम समय पर पूरा होने से ही देश के विकास का लक्ष्य हासिल होगा। उन्होंने कहा कि समारोह का उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है। इस दौरान 12 अबुआ आवास और एक प्रधानमंत्री आवास का निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों का गृह प्रवेश कराकर उन्हें चाबी सौंपी गई। साथ ही आंधारझोर गांव में भी लाभुकों के गृह प्रवेश की शुरुआत कराई गई। समारोह में सामुदायिक निवेश निधि के तहत 15 महिला समूहों के बीच 30 लाख रुपये, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 20 लाभुकों को दो लाख रुपये तथा सबर महिला समूह की 12 सदस्यों के बीच 10-10 किलो आलू बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य जेएसएलपीएस के कर्मचारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं लाभुक उपस्थित थे।











