श्यामनगर घाट पर नदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
Jamshedpur: उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई स्थित श्यामनगर घाट पर मंगलवार को स्वर्णरेखा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पहचान कराने का प्रयास कर रही है। उलीडीह पुलिस के अनुसार, मृतक की तस्वीर विभिन्न थाना क्षेत्रों में भेजी गई है, ताकि उसकी पहचान की जा सके। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मौके पर मौजूद जदयू नेता संतोष भगत ने बताया कि स्थानीय लोगों से स्वर्णरेखा नदी में शव तैरने की सूचना मिलने पर पुलिस को अवगत कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।











