समावेशी शिक्षा शिविर में 61 दिव्यांग बच्चों की हुई जांच, 45 सहायक उपकरण के लिए चयनित
Patamda: समग्र शिक्षा अभियान के तहत समावेशी शिक्षा एवं पीएम श्री योजना के अंतर्गत शनिवार को पटमदा प्रखंड संसाधन केंद्र जाल्ला (बीआरसी) में दिव्यांग बच्चों के लिए एक दिवसीय जांच एवं सहायक उपकरण चयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 3 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यालयों में अध्ययनरत एवं गृह आधारित शिक्षा प्राप्त कर रहे दिव्यांग बच्चों की जांच की गई। कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम प्राधिकारी शकुंतला महतो की अध्यक्षता में एलिम्को की टीम, जनप्रतिनिधियों एवं बीआरसी कर्मियों के संयुक्त सहयोग से किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे नियमित रूप से विद्यालय आकर शिक्षा ग्रहण कर सकें।
शिविर में कुल 61 दिव्यांग बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 45 बच्चों को जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया। इस मौके पर एलिम्को की टीम से रोहित कुमार, अभय बहादुर, सोनाली सिंह एवं अभय फ्रेडी सहित जिला स्तर से कैंप प्रतिनिधि निखिल मार्के उपस्थित थे। वहीं, प्रखंड स्तर से बीपीओ शकुंतला महतो, अवनि महांती, कर्मी ओपी, श्यामापद गोप, भजहरि महतो, सभी सीआरपी-बीआरपी, समावेशी शिक्षा रिसोर्स शिक्षक बृहस्पति सोरेन सहित अन्य कर्मियों ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।











