पटमदा में मिर्गी जांच शिविर, 100 मरीजों को मिला नि:शुल्क इलाज
Patamda: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा में परियोजना उल्लास के अंतर्गत नि:शुल्क मिर्गी जांच शिविर लगाया गया। उपायुक्त के निर्देश एवं सिविल सर्जन डॉ. साहिल पाल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 12 नए मरीजों की जांच की गई, जबकि 88 पुराने मरीजों का फॉलोअप किया गया। सभी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ एक महीने की नि:शुल्क दवा दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों के आने-जाने और भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। खराब मौसम और चक्रवात के असर के बावजूद बड़ी संख्या में मरीज शिविर में पहुंचे।
जिला आरसीएच पदाधिकारी सह परियोजना उल्लास के नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने शिविर का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत जिले में अब तक घाटशिला, पटमदा, साकची, चाकुलिया और पोटका समेत विभिन्न स्थानों पर मिर्गी जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। शिविर के सफल आयोजन में सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार सिंह, मनोचिकित्सक डॉ. महेश हेम्ब्रम, डॉ. वीआरके सिन्हा सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











