पारंपरिक ग्राम स्वशासन के संरक्षकों को शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
Patamda : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर शनिवार को पटमदा प्रखंड सभागार में पारंपरिक ग्राम स्वशासन व्यवस्था के संरक्षकों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में परगना, ग्राम प्रधान, डाकुवा, पराणिक, नायके, गोडैत, दिउरी समेत विभिन्न पारंपरिक पदाधिकारियों को शॉल, पौधा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर बीडीओ सह सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि झारखंड की पारंपरिक ग्राम व्यवस्था सामाजिक एकता, सामुदायिक निर्णय और सांस्कृतिक पहचान की सदियों पुरानी विरासत है। अंग्रेजी शासन से पहले भी आदिवासी-मूलवासी समाज में स्वशासन की मजबूत व्यवस्था प्रचलित थी।
पारंपरिक पदाधिकारी सामाजिक अनुशासन बनाए रखने, विवादों का समाधान करने और रीति-रिवाजों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आए हैं। उन्होंने कहा कि इनका सम्मान करना पूर्वजों की परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का सम्मान है। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सम्मानित होने वालों में ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो, परगना कमलाकांत मुर्मू, टीकाराम मुर्मू, नवीन सिंह, जयचांद हेंब्रम, संदीप मिश्रा, बृंदावन दास, विकास महतो, अनिल महतो, रजनीकांत महतो, दिवाकर टुडू, शंभू सोरेन एवं शंभू दास समेत अन्य शामिल थे।











