पटमदा के लावा में बैंक ऑफ इंडिया का वित्तीय समावेशन शिविर, 2350 से अधिक ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

महाप्रबंधक रणबीर सिंह ने किया ग्रामीणों से सीधा संवाद, 42 जनधन खाते खुले, 811 ने कराया सुरक्षा बीमा में पंजीकरण
Patamda: भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग की पहल पर सोमवार को पटमदा प्रखंड की लावा पंचायत में बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पटमदा, बोड़ाम और काटिन शाखा से जुड़े ग्रामीणों को केंद्र सरकार की बैंकिंग, बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के साथ कई बैंकिंग समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविर में बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक रणबीर सिंह और आंचलिक प्रबंधक पंकज मिश्रा सहित कई वरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान महाप्रबंधक रणबीर सिंह और आंचलिक प्रबंधक पंकज मिश्रा ने पात्र परिवारों को बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की प्रतिबद्धता जताई। नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक जैस्मिका बास्के ने केसीसी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह किसानों के लिए बेहद लाभकारी योजना है। इसका सही तरीके से उपयोग और समय पर भुगतान करने पर किसानों को ब्याज में विशेष छूट का लाभ मिलता है। ऋण माफी का लाभ भी उन्हीं किसानों को मिलता है, जो निर्धारित शर्तों के अनुसार ऋण का भुगतान करते हैं।
विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने केसीसी ऋण वितरण में जमीन के सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र के अधिकांश किसानों के पास पुराने खतियान उपलब्ध नहीं हैं। वर्ष 1964 के बाद सर्वे सेटलमेंट नहीं होने के कारण किसान जमीन से संबंधित अद्यतन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं। ऐसे में ग्राम प्रधान और मुखिया से सत्यापित जमीन के आधार पर केसीसी ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है। प्राकृतिक आपदा के कारण फसल बर्बाद होने से कई बार किसान समय पर ऋण नहीं चुका पाते हैं। इसके बावजूद किसानों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए बैंक और सरकार को मिलकर सरल व्यवस्था विकसित करनी चाहिए।
जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा ने ग्रामीणों से बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दूसरों तक पहुंचाने और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि केसीसी सहित किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए सीधे बैंक अधिकारियों से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर जनप्रतिनिधियों या बीडीओ के समक्ष अपनी समस्या रखें। उन्होंने किसानों से ऋण लेने के बाद समय पर भुगतान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें हर वर्ष बढ़ी हुई ऋण सीमा का लाभ मिल सकेगा। वहीं, जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो ने विद्यार्थियों को आसानी से एजुकेशन लोन उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की मांग की।
नाबार्ड की डीडीएम जैस्मिका बास्के और अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि पंचायत स्तर पर समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र ग्रामीण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। लावा पंचायत सचिव घनश्याम महतो ने साइबर ठगी के प्रति सतर्क करते हुए कहा कि बैंक के नाम पर संदिग्ध फोन आने पर किसी भी तरह की गोपनीय जानकारी साझा न करें और तुरंत नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क करें।
शिविर में ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद कर बैंकिंग सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा भी की गई। कार्यक्रम के अंत में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में सही जवाब देने वाले ग्राहकों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। वहीं, दो वरिष्ठ खाताधारकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन खुशबू कुमारी, नथुनी सिंह और फूलचांद कुंभकार ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो एवं प्रदीप बेसरा, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, टैगोर सोसाइटी की रूपाली बॉक्सी, भीष्मनाथ महतो, पंचानन दास, मृत्युंजय महतो, बैंक ऑफ इंडिया की पटमदा शाखा प्रबंधक अनुपम कुमारी, काटिन शाखा प्रबंधक लालमणि महतो, बोड़ाम शाखा प्रबंधक अशोक मुर्मू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
शिविर के दौरान कुल 42 नए जनधन खाते खोले गए। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 811 तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 632 लोगों का नामांकन किया गया। वहीं, अटल पेंशन योजना में 318 लोगों का पंजीकरण, 342 खातों का री-केवाईसी और 251 खातों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके अलावा पीएम-किसान लाभार्थियों के बीच 32 किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरित किए गए।











