बराभूम दर्पण की पहल रंग लाई: एक सप्ताह बाद सकुशल मिली लापता महिला, परिजनों ने जताया आभार
अपने माता पिता के साथ नियति महतो
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के जाल्ला गांव से बीते 14 मई से लापता महिला नियति महतो आखिरकार एक सप्ताह बाद सकुशल मिल गई। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह पटमदा के चौरा गांव स्थित एक व्यक्ति के घर में मिली, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, नियति महतो मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनका इलाज पुरुलिया स्थित मेंटल हॉस्पिटल में चल रहा है। उनके पिता सहदेव महतो ने बताया कि 14 मई की दोपहर करीब 12 बजे वह अचानक घर से लापता हो गई थीं। इसके बाद परिजनों ने पटमदा, बोड़ाम समेत आसपास के क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल के कई गांवों में लगातार खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को नियति भटकते हुए चौरा गांव स्थित एक घर पहुंची। वहां मौजूद लोगों को उन पर शक हुआ। इसी दौरान बराभूम दर्पण न्यूज पोर्टल में प्रकाशित उनकी तस्वीर वाली खबर से मिलान करने पर महिला की पहचान हुई।
इसके बाद खबर में दिए गए संपर्क नंबर पर सूचना देकर परिजनों को बुलाया गया। सूचना मिलते ही परिजन चौरा गांव पहुंचे और नियति को सुरक्षित जाल्ला गांव वापस ले आए। बताया गया कि उनकी ससुराल बोड़ाम प्रखंड के बारियादा गांव में है। शुक्रवार को इस संबंध में पटमदा थाना को भी सूचना दे दी गई, क्योंकि गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी। महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने मदद और सहयोग के लिए बराभूम दर्पण न्यूज पोर्टल परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।


