बोड़ाम में तेज रफ्तार ट्रेलर घर में घुसा, मां-बेटी घायल, बेटी रिम्स रेफर
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह टोला सीमागोड़ा में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा। हादसे में घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि घर के पीछे आंगन में सो रही मां-बेटी घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल बेटी को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
घटना आसनबनी–पटमदा मुख्य सड़क पर काली मंदिर के समीप स्थित तीखे मोड़ के पास शनिवार रात करीब 12 बजे हुई। बताया जाता है कि जमशेदपुर से पटमदा की ओर जा रहा ट्रेलर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और 33 हजार वोल्ट के बिजली खंभे को तोड़ते हुए सीधे संकरी हेंब्रम के घर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इलाके में तेज धमाके की आवाज गूंज उठी, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
हादसे के समय संकरी हेंब्रम और उनकी बेटी उषा मुर्मू घर के पिछवाड़े यानी आंगन में सो रही थीं। दुर्घटना में संकरी हेंब्रम को हल्की चोटें आईं, जबकि उषा मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए खटिया समेत मलबे के बीच फंसी दोनों महिलाओं को बाहर निकाला और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। पटमदा के तुंगबुरु गांव निवासी महिला उषा मुर्मू (40 वर्ष) की हालत गंभीर होने के कारण रविवार को चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। वह एक दिन पहले ही अपने घर से मायके आई थी जबकि उनके पति एवं बच्चे तुंगबुरु गांव में ही थे। हलुदबनी के ग्राम प्रधान विनय नरेश मुर्मू का कहना है कि यदि मां-बेटी घर के अंदर सो रही होतीं तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं घायल महिला के बेहतर इलाज हेतु प्रशासन से मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम पुलिस और हलुदबनी कैंप के जवान मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

