डिमना लेक में नहाने के दौरान युवक डूबा, तलाश में जुटी पुलिस व गोताखोर टीम
Patamda : जमशेदपुर से सटे डिमना लेक में शुक्रवार सुबह करीब छह बजे नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। युवक अपने दोस्तों के साथ सोनारी से डिमना लेक घूमने और स्नान करने आया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। करीब दो घंटे तक लगातार चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलने पर पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। युवक की तलाश तेज करने के लिए शहर से विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम भी बुलाई जा रही है। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की खोजबीन में जुटी हुई है। घटना के बाद डिमना लेक पर लोगों की भीड़ जुट गई है। बताते हैं कि युवक गहरे पानी में समा गया है इसलिए सुबह 9 बजे तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।


