पटमदा, कमलपुर और बोड़ाम थानों का एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, नक्सल मुद्दे पर दिया निर्देश
Patamda: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब ने गुरुवार दोपहर पटमदा, कमलपुर एवं बोड़ाम थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित थाना प्रभारी एवं पटमदा अंचल निरीक्षक भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने तीनों थाना क्षेत्रों में सक्रिय दागी अपराधियों, गुंडा तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने पिछले करीब ढाई महीने से क्षेत्र में एक बार फिर से सक्रिय हो चुके नक्सलियों की गतिविधियों के बारे में आसूचना संकलन करने का भी निर्देश दिया ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने अवैध जुआ, लॉटरी, मादक पदार्थों (ड्रग्स) के कारोबार, अवैध पत्थर खनन तथा अवैध लकड़ी तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल से लगी अंतर्राज्यीय सीमा पर रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क रहने तथा आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में नियमित गश्ती, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।


