दुर्गापूजा में शांति और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, पटमदा में पूजा समितियों को दिए दिशा-निर्देश
Patamda : दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर सोमवार को पटमदा थाना परिसर में पटमदा एवं कमलपुर थाना की संयुक्त शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए पटमदा बीडीओ सह सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मेला व पंडाल घूमने निकलते हैं। ऐसे में घर बंद कर जाने वाले लोग अपने घरों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने पूजा समितियों को पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग और पर्याप्त स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने, विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा।
पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता ने सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना को बिना सत्यापन साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने डीजे पर प्रतिबंध समेत प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने अभिभावकों से बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखने की अपील की, ताकि भीड़ में बच्चा बिछड़ने पर उसे आसानी से परिजनों तक पहुंचाया जा सके। पूजा समिति के सदस्यों ने विदेशी व महुआ शराब की बिक्री, नशापान तथा तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही गोबरघुसी में रावण दहन समेत बेलटांड़, कुलटांड़, लछीपुर, घोड़ाबांधा, गोबरघुसी, पटमदा बाजार, काशमार, गोपालपुर और बांगुड़दा के पूजा पंडालों में समिति सदस्यों को सक्रिय रहने की अपील की गई। बैठक में जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, मुखिया परमेश्वर सिंह, कृष्ण पद सिंह, रामकृष्ण महतो, नीलरतन पाल, विजय कुमार मंडल, ईशान चंद्र गोप, जगदीश प्रसाद मंडल, रजनी कांत महतो, बंशी दास समेत बड़ी संख्या में शांति समिति एवं पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे।




