भगत सिंह जयंती पर माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि, बांगुड़दा व कमलपुर में हुआ पौधारोपण
Patamda: शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सोमवार को कुमीर पंचायत भवन के समक्ष उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद +2 आदिवासी हाई स्कूल, बांगुड़दा और कमलपुर थाना परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जेएलकेएम के जिला सचिव राजेश कुंभकार ने किया। बांगुड़दा स्थित +2 आदिवासी हाई स्कूल में पौधरोपण के दौरान प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार सेठ मौजूद रहे। वहीं, कमलपुर थाना परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम राय समेत अन्य लोग शामिल हुए।
इस मौके पर राजेश कुंभकार ने कहा कि पेड़-पौधे केवल प्रकृति की सुंदरता के प्रतीक नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का आधार हैं। पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
भगत सिंह के विचारों पर उन्होंने कहा कि उन्हें केवल तस्वीरों और सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित रखना उचित नहीं है। उनके जीवन, संघर्ष और विचारों को समझते हुए समाज के ज्वलंत मुद्दों के प्रति जागरूक होना और लोकतांत्रिक तरीके से जनहित में आवाज उठाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के विचार तभी सार्थक होंगे, जब वे हमारे कार्यों में दिखाई दें और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। कार्यक्रम में हरिमोहन महतो, साहेबराम महतो, बिरेन प्रामाणिक, सनत महतो, सुकुमार महतो, मंटू महतो, मनोज प्रामाणिक, गुरुपद महतो, अजय महतो, मनोज महतो, संदीप महतो, भवतोष प्रामाणिक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




