उपायुक्त से शिकायत के बाद नए भवन में मॉडल स्कूल के संचालित होने की बढ़ी उम्मीद, समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने सौंपा ज्ञापन

Jamshedpur : पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के लिए स्वीकृत विभिन्न विकास योजनाओं के अधूरे कार्यों को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो एवं उत्तम महतो ने सोमवार को उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की चार प्रमुख समस्याओं को रखा गया। जिसमें पटमदा मॉडल इंग्लिश स्कूल का नया भवन विद्यालय लंबे समय से जर्जर भवन में संचालित हो होने के बावजूद नए भवन बामनी में पढ़ाई शुरू नहीं करने की शिकायत पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने तत्काल डीएसई को दूरभाष पर ही जरूरी निर्देश दिया। इसमें बच्चों की सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए नए भवन में कक्षाएं शीघ्र शुरू करने की मांग की गई थी।
बेलटांड़ चौक से रघुनाथपुर मुख्य सड़क के पीसीसी निर्माण कार्य को पिछले वर्ष हुए कालीकरण कार्य के दौरान कुछ गांवों में अधूरा छोड़ दिया गया है। विशेषकर बोड़ाम बाजार, बंगोई, बांकादा, बारियादा और दिघी में यह कार्य अधूरा होने से बरसात में कीचड़ एवं गड्ढों से लोगों को परेशानी हो रही है। बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत कांकीडीह मोड़ से डिमुडीह मोड़ तक सड़क मरम्मत का कार्य का शिलान्यास राज्य संपोषित योजना अंतर्गत 13 मार्च 2022 को होने के बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इस मार्ग पर कीचड़ एवं गड्ढे से आमजन, विद्यार्थी एवं मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पटमदा के महुलबना पंचायत अंतर्गत सड़क मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य तीन सीमा मोड़ से पंचायत भवन तक जाने वाली सड़क जर्जर अवस्था में है। टेंडर होने के बावजूद काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराज़गी है। उपायुक्त ने चारों बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।






























