इंदाटांड़ा, बिड़रा व पटमदा बस्ती में भक्ति का माहौल, हरिनाम संकीर्तन में शामिल हुए आस्तिक महतो
Patamda: प्रखंड के इंदाटांड़ा, बिड़रा और पटमदा बस्ती स्थित हरि मंदिरों में आयोजित 24 प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन अनुष्ठान के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है। रविवार को जमशेदपुर के समाजसेवी सह झारखंड आंदोलनकारी आस्तिक महतो ने इन सभी स्थलों पर पहुंचकर संकीर्तन में भाग लिया और श्रद्धापूर्वक हरिनाम का श्रवण किया।
उन्होंने क्रमशः तीनों मंदिरों में माथा टेक कर भगवान से क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरिनाम संकीर्तन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो न केवल मन को शांति प्रदान करता है बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा, एकता और सामाजिक सद्भाव मजबूत होता है। संकीर्तन के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। पूरे वातावरण में भजन-कीर्तन, मृदंग और झांझ की धुनों से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा। ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अनुष्ठान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद स्वपन कुमार महतो, अशोक सिंह, नकुल महतो व कैलाश महतो सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर गांवों में उत्साह का माहौल बना रहा और लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से इसमें भाग लिया।






























