बोड़ाम में टैलेंट सर्च एकेडमी ने किया प्रतिभाओं का सम्मान

सांसद विद्युत वरण, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर एवं टाटा वर्कर्स यूनियन जमशेदपुर के डिप्टी प्रेसिडेंट सहित कई अतिथि हुए शामिल

Patamda: टैलेंट सर्च एकेडमी की ओर से रविवार को बोड़ाम प्रखंड के मोहनपुर प्रावि में प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतियोगिता में चयनित टॉप-10 बच्चों को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया। वहीं, एकेडमी के निशुल्क कोचिंग सेंटर से वर्ष 2026 में नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने वाले 14 विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, अभिभावकों की ओर से एकेडमी के अध्यक्ष हाराधन महतो एवं शिक्षकों उदय गोप, बृंदावन महतो, उमेश मांडी आदि को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने में टैलेंट सर्च एकेडमी का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि वर्षों से इस कार्य में जुटे हाराधन महतो ने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की मिसाल पेश की है, जिससे अभिभावकों में जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने एकेडमी के बेहतर संचालन हेतु हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि जिस प्रकार निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक पूरी लगन से उनका ध्यान रखते हैं, उसी तरह यदि सरकारी स्कूलों के बच्चों के अभिभावक भी प्रतिदिन कम से कम दो घंटे का समय दें, तो उनके बच्चे भी सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
टाटा वर्कर्स यूनियन जमशेदपुर के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि शहरों में संपन्न वर्ग के बच्चों के बीच कार्य करना अपेक्षाकृत आसान होता है, लेकिन ग्रामीण और गरीब बच्चों के लिए एकेडमी द्वारा किया जा रहा प्रयास वास्तव में सराहनीय है।
कार्यक्रम को बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर दिनेश्वर कुमार व शिव कुमार निराला, मुखिया मंगल सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सनातन लाया, उप मुखिया प्रतिनिधि संजय गोराई, शिक्षाविद रामचंद्र महतो एवं पंचानन महतो ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इस अवसर पर प्रावि मोहनपुर के प्रधान शिक्षक प्रमथ सिंह सरदार, सहायक शिक्षक मुकेश प्रसाद, एसएमसी अध्यक्ष रोहिन कर्मकार, अश्विनी महतो, फुचुराम महतो, उदय महतो, मुकेश गोराई, सुब्रत महतो, प्रबोध कुमार महतो, देवव्रत महतो एवं अर्धेंदु शेखर महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।






























