खुली सेफ्टी टैंक बना हादसे का कारण, रातभर गड्ढे में फंसा रहा लापता किशोर
Patamda : पटमदा के बेलटांड़ टोला में एक दर्दनाक लेकिन राहत भरी घटना सामने आई है। शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर से लापता हुआ 14 वर्षीय किशोर संदीप माझी रविवार सुबह एक निर्माणाधीन भवन के पास स्थित खुले सेफ्टी टैंक से बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, संदीप शनिवार को घर से मुख्य सड़क की ओर जा रहा था। पैदल जाने के दौरान निर्माणाधीन भवन में पहले से मौजूद एक खुले सेफ्टी टैंक में उसका एक चप्पल गिर गया। चप्पल निकालने के प्रयास में वह खुद भी गड्ढे में जा गिरा। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उसकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी और वह पूरी रात उसी गड्ढे में फंसा रहा। बताया जा रहा है कि टैंक में पानी भरा होने के कारण किशोर पूरी रात ठंड से कांपता रहा। रविवार सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उसे बाहर निकाला गया।
ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि संदीप की मानसिक स्थिति कमजोर है, जिसके कारण वह खतरे को समझ नहीं पाया। घटना के बाद परिजनों में जहां चिंता का माहौल है, वहीं सुरक्षित बरामदगी से सभी ने राहत की सांस ली है। इस घटना ने निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। खुले सेफ्टी टैंक जैसे खतरनाक गड्ढों को बिना ढके छोड़ देना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। हालांकि वह रास्ता नहीं है और वह बच्चा भटक कर ही वहां तक पहुंचा था। बताते हैं कि पूर्व में बने एक भवन को तोड़कर उसमें नया भवन का निर्माण हो रहा है जबकि उसका सेफ्टी टैंक को खुला छोड़ दिया गया है।






























