अनियंत्रित पिकअप वैन ने बच्ची को कुचला, दोनों पैर की हड्डियां टूटीं
Patamda: पटमदा बाजार के हाई स्कूल रोड में रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे अनियंत्रित पिकअप वैन की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्ची लक्ष्मी टुडू गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जाता है कि होमगार्ड जवान अनिल टुडू की बेटी लक्ष्मी अपनी सहेलियों के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वैन ने उसे कुचल दिया। हादसे में वैन का चक्का चढ़ जाने की वजह से बच्ची के दोनों पैरों की हड्डियां कई जगह टूट गई हैं। गंभीर हालत में परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार बेहतर इलाज के लिए उसे टीएमएच या रिम्स ले जाना पड़ सकता है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पिकअप वैन चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण हादसा हुआ। सूचना के अनुसार वाहन मालिक ने बच्ची के इलाज में सहयोग करने का आश्वासन दिया है।








